यूपी में मिशन-80 की सफलता के लिए भाजपा ने बनाया यह प्लान, 20 क्लस्टर में बटेंगी सीटें

बता दें कि लोकसभा चुनाव में सीटों के लिहाज से उत्तर प्रदेश की बड़ी भूमिका को देखते हुए भाजपा ने पूरे प्रदेश को क्लस्टर में बांटने की रणनीति तय की है। प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों को 20 क्लस्टर में बांटा जाएगा और प्रत्येक की जवाबदेही पार्टी के दिग्गज नेताओं को सौंपी जाएगी। साथ ही हर क्लस्टर में औसतन तीन से पांच लोकसभा सीटें होंगी।
जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने गुरुवार को लखनऊ के चांसलर क्लब में आयोजित शीर्ष पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी की इस रणनीति को साझा किया। स्पष्ट किया कि लोकसभा चुनाव की कार्ययोजना इन्हीं क्लस्टर को आधार बनाकर बूथ स्तर तक बुनी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थिति में हुई बैठक में मिशन-2024 की निश्चित सफलता के लिए मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय की गई। इस क्रम में भाजपा के सभी मंत्री, सांसद व विधायक एक से 12 फरवरी तक गांव में प्रवास करेंगे।
फीडबैक के आधार पर बनेगी बीजेपी का घोषणा पत्र
विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में जनता से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी अपना घोषणा पत्र तैयार करेगी। फरवरी में भाजपा के सभी सात मोर्चा के राष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित होंगे। इसमें उत्तर और दक्षिण भारत में सभी मोर्चों के राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजन किए जाएंगे। उत्तर भारत में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलनों में दो की मेजबानी प्रदेश भाजपा करेगी।
बता दें कि बैठक में सीएम ने पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय सम्मेलन कानपुर में होगा, जबकि अनुसूचित जाति का राष्ट्रीय सम्मेलन आगरा में होगा। बैठक में उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी को देखते हुए ओबीसी मोर्चा का भी राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने की मांग उठी। बैठक में मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों की चर्चा के साथ ही सत्ता व संगठन के समन्वय से इन्हें घर-घर तक पहुंचाने का टास्क पदाधिकारियों को सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि हमें बूथ विजय का लक्ष्य लेकर प्रत्येक बूथ पर काम करना है। वहीं, महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि सभी सीटों के लिए लोकसभा चुनाव के प्रभारियों और संयोजकों के नाम तय कर लिए गए हैं, शीघ्र इनकी घोषणा की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा में दो नवमतदाता सम्मेलन करने और कॉलेजों के कैंपस व हास्टल में युवाओं से संपर्क करने की कार्ययोजना साझा की।
उन्होंने कहा, बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत पार्टी प्रदेश के सभी बूथों पर मजबूत संरचना से अभेद्य दुर्ग का निर्माण करेगी। बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश सह प्रभारी संजीव चौरसिया, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, मंत्री जेपीएस राठौर, पूर्व मंत्री सुरेश राणा आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने के पार्टी के संकल्प को साझा करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता परिश्रम का पर्याय हैं और किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश की पहचान कभी दंगा प्रदेश के रूप में होती थी, आज वही प्रदेश धरती डबल इंजन की सरकार में भयमुक्त, दंगामुक्त, खुशहाली और उत्सव प्रदेश हो गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ही सरकार के निर्णय व संगठन की विचारधारा को जनमानस के बीच ले जाने का कार्य करें।