बर्फ की सफेद चादर से ढका जम्मू-कश्मीर, 33 घंटे बाद खुला जम्मू-श्रीनगर NH

तीन दिन लगातार वर्षा और हिमपात के बाद शुक्रवार को जम्मू समेत प्रदेश के सभी हिस्सों में धूप निकली। कश्मीर में कई स्थानों पर वीरवार की रात को न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई।
यहां तक कि कुछ जगहों पर पिछले 16 वर्षों में सबसे ठंडी रात रही। इस बीच, मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को कश्मीर समेत प्रदेश के पहाड़ों और कुछ मैदानी क्षेत्रों में हिमपात (Snowfall in Jammu-kashmir) और वर्षा (Rain in J&K) हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर के इन स्थानों पर होगी बर्फबारी
जम्मू संभाग के डोडा, किश्तवाड़, रामबन, पुंछ, राजौरी और रामबन जिले में समुद्र तल से 1300 मीटर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की पूरी संभावना है। वहीं, दक्षिणी कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बर्फ गिर सकती है।
उधर, रामबन जिले के किश्तवाड़ी पत्थर, शेर बीबी और कैफेटेरिया मोड इलाके में पस्सियां गिरने और भूस्खलन से बंद हुआ जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 33 घंटे के बाद शुक्रवार दोपहर को खोल दिया गया।
सबसे पहले रामबन में दोनों तरफ फंसे वाहनों को जम्मू और घाटी की तरफ निकाला गया। इसके अन्य वाहनों को निकालने का क्रम जारी थी। हालांकि, देर शाम तक ट्रकों को कश्मीर की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।
वहीं, राजौरी और पुंछ जिले से होते हुए कश्मीर को जोड़ने वाला मुगल रोड अभी बंद है। इस मार्ग पर काफी बर्फ जमी हुई है, जिसे मशीनरी लगाकर हटाया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ नए सिरे से सक्रिय हो रहा है। इसका असर रविवार तक जम्मू से कश्मीर तक रहेगा और पहाड़ों से लेकर ऊंचाई वाले मैदानों में हिमपात होगा। इसका असर पांच फरवरी तक रह सकता है, जिससे मैदानी क्षेत्रों में वर्षा रुक-रुककर जारी रह सकती है। इस दौरान कठुआ जिले के कई क्षेत्रों में तेज वर्षा हो सकती है। इससे न्यनूतम तापमान और गिरेगा।