Jammu: बालटाल व पहलगाम से अमरनाथ यात्रा स्थगित, जानिये और क्या है अपडेट

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि खबर यह है कि मौसम खराब होने के कारण बाबा अमरनाथ यात्रा को पहलगाम व बालटाल में रोका गया। दोनों मार्गों से यात्रा को आगे पवित्र गुफा की तरफ से जाने से फिलहाल रोका गया है। इसके साथ ही मौसम साफ होने के बाद ही यात्रियों को रवाना किया जाएगा। वहीं, बाबा अमरनाथ की यात्रा के लिए यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से 7010 श्रद्धालुओं के आठवें जत्थे को पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना कर दिया गया है। बालटाल मार्ग से यात्रा करने के लिए रवाना हुए कुल 2410 श्रद्धालुओं में से 1706 पुरुष, 684 महिलाएं, 11 बच्चे और 9 साधु शामिल थे। पहलगाम मार्ग से यात्रा करने के लिए जम्मू से रवाना किए गए 4600 श्रद्धालुओं में से 3473 पुरुष, 865 महिलाएं, 10 बच्चे और 252 साधु शामिल थे। जानकारी के अनुसार यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। जत्थे में शामिल होकर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। यात्री निवास आए बिना सीधे ही पहलगाम व बालटाल पहुंच रहे हैं। इसी के चलते बढ़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं। जम्मू से तीस जून को पहला जत्था रवाना किया गया था और एक जुलाई से यात्रा शुरू हुई थी जो 62 दिन चलकर 31 अगस्त को रक्षा बंधन वाले दिन संपन्न होगी।