जम्मू-कश्मीर में 17 तक होगी बारिश, पहाड़ी क्षेत्रों पर हो सकती बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में 17 अक्तूबर तक बारिश के आसार हैं। इसके दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। विशेष रूप से कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में पारे में और गिरावट की संभावना है। इसके साथ ही, कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे मौसम में सर्दी बढ़ने की संभावना है। इस दौरान शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा।

बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, 14 अक्तूबर से कुछ हिस्सों में मौसम खराब रहेगा, जिसमें बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। इस सिलसिले का प्रभाव अगले 48 घंटे तक बना रहेगा। इसके अलावा, 16 और 17 अक्तूबर को कुछ हिस्से अधिक प्रभावित हो सकते हैं, जिसमें बिजली गिरने की संभावना है। तेज हवा के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इस मौसम बदलाव को पश्चिमी विक्षोभ के साथ जोड़कर देखा जा रहा है।

बारिश के साथ बढेगी सर्दी

शुक्रवार को जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री गिरकर 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीती रात का न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस था। श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से 5.2 डिग्री बढ़कर 26.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जबकि बीती रात का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस था। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही, मौसम विभाग ने बताया कि कुछ हिस्सों में 17 अक्तूबर तक बारिश की संभावना है